सड़क हादसा: गोपेश्वर-पोखरी रोड पर अनियंत्रित होकर कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल


चमोली:- भाई दूज के मौके पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोपेश्वर-पोखरी रोड पर कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और आग लगने से उसमें सवार अरविंद त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनीता त्रिपाठी और पुत्र अनन्त त्रिपाठी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका दूसरा बेटा अम्बुज त्रिपाठी (25) गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार, अरविंद और अनीता अपने दो बेटों अनन्त और अम्बुज के साथ पोखरी के विशाल पाव गांव गए थे। अनीता का मायका यहीं है। दीपावली और भाई दूज के पर्व मनाने के बाद परिवार वापस लौट रहा था।
रास्ते में गोपेश्वर-पोखरी रोड पर कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, और गिरते ही कार में आग लग गई। हादसे के समय कार में सवार अरविंद, अनीता और अनन्त झुलस कर घायल हुए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके बेटे अम्बुज को गंभीर स्थिति में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अरविंद त्रिपाठी देहरादून में सिंचाई विभाग में कार्यरत ईई थे। परिवार देहरादून में रहता था। वह दीपावली और भाई दूज मनाने अपने गांव आए थे, लेकिन इस हादसे ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।









