पुलिस ने छह घंटे में डबल मर्डर केस का किया खुलासा: छेड़छाड़ का विरोध करने पर हुई शुभम और लक्ष्मी की हत्या, हत्याकांड में संलिप्त चार अभियुक्त गिरफ्तार


हल्द्वानी:- बड़ी मंडी क्षेत्र में युवक-युवती की निर्मम हत्या का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेसवार्ता में बताया कि कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने जघन्य हत्याकांड में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

आज 12 फरवरी की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

घटनास्थल के निरीक्षण में प्रथम दृष्टया पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया और विशेष टीम गठित कर त्वरित अनावरण के निर्देश दिए।
शिनाख्त के दौरान मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा के रूप में हुई। मृतका के परिजन की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस और सुरागरसी के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
आरोपियों ने बताया कि वे सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मी के साथ छेड़छाड़ की गई, जिसका शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शुभम की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतारकर दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।
गिरफ्तार आरोपी
●. गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष) वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
● सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष) – तीनपानी, हल्द्वानी
● दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20 वर्ष) वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
● दीपेश लटवाल उर्फ राज (25 वर्ष) बड़ी मुखानी, हल्द्वानी
हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन तथा गौरव और दीपू के खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।
मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पर पूर्व में 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। आरोपी दीपेश लटवाल के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।







