बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, आगामी यात्रा के लिए 121.07 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट पारित


देहरादून:- आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर कमेटी की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। मंगलवार को देहरादून के कैनाल रोड स्थित कार्यालय भवन में आयोजित बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने की। इस दौरान आगामी यात्रा सत्र 2026-27 के लिए 121.07 करोड़ रुपये से अधिक का अनुमानित बजट भी पारित किया गया।
पारित बजट के अनुसार बद्रीनाथ मंदिर के लिए 57.47 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ मंदिर के लिए 63.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रस्तावित आय के सापेक्ष 99.45 करोड़ रुपये के व्यय का अनुमान रखा गया है।
बैठक का संचालन करते हुए बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने पिछली बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की और वर्ष 2026-27 का बजट भी रखा।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि अप्रैल माह में चारधाम यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए समिति ने आवश्यक बजटीय प्रावधान किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिशा-निर्देशन में केदारनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बद्रीनाथ मंदिर में पुनर्निर्माण कार्य जारी है।
बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय सहित सदस्य धीरज मोनू पंचभैया, महेंद्र शर्मा, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद देवली, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, डॉ. विनीत पोस्ती, नीलम पुरी, दिनेश डोभाल, राजपाल जड़धारी, राजकुमार तिवारी, रजनीश भट्ट, वित्त अधिकारी मनीष उप्रेती, विधि अधिकारी, एसएस बर्वाल और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









