बिजली विभाग के जेई को विजिलेंस की टीम ने 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए किया गिरफ्तार


देहरादून:- सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आरोपी जेई अतुल कुमार पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात है। बताया जा रहा है कि वह एक उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में नया बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के एवज में 80,000 रुपये की मांग कर रहा था।
पीड़ित उपभोक्ता ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान में दर्ज कराई। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
मंगलवार को ट्रैप ऑपरेशन के दौरान टीम ने आरोपी जेई को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी जांच के दायरे में है कि इस प्रकरण में विभाग के अन्य कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता तो नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल सतर्कता अधिष्ठान में करें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।







