रामनगर- काशीपुर रोड को समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के निर्देश, कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने कार्य में तेजी लाने को कहा

रामनगर/हल्द्वानी:- रामनगर-काशीपुर रोड की बदहाल स्थिति का सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कुमाऊं मंडल की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मंडलायुक्त दीपक रावत ने रामनगर-काशीपुर मार्ग पर चल रहे पैच मरम्मत कार्य की रोजाना निगरानी शुरू कर दी है। उन्होंने अधिकारियों को काम में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने बताया कि काशीपुर से रामनगर प्रभाग में रामनगर-काशीपुर मार्ग के 18 किलोमीटर हिस्से में पैच मरम्मत का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 11.5 किलोमीटर सड़क पर पैच मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य में तेजी लाने के लिए प्लांट और कार्यस्थल पर 30 से अधिक श्रमिक लगाए गए हैं।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्य की प्रगति और गुणवत्ता दोनों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि सड़क के गड्ढे भरने के काम में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने बताया कि कुमाऊं मंडल के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों को गड्ढामुक्त करने के लिए चल रहे कार्यों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में सभी आवश्यक मरम्मत कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।










