एस.के.एम स्कूल में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, विशेष एडवेंचर गतिविधियों का किया आयोजन

हल्द्वानी:- रामपुर रोड स्थित एसकेएम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया, इस मौके पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए विशेष एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ साहस, आत्मविश्वास, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं टीम भावना के प्रति प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न रोमांचक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिप लाइन, कमांडो नेट, बर्मा ब्रिज, डबल रोप ब्रिज, मोगली वॉक, कमांडो ब्रिज, सॉफ्ट आर्चरी, लैडर क्लाइंबिंग, बॉडी ज़ॉर्ब, ग्राउंड रोलर, ट्रैम्पोलिन, लेजर बीम तथा टग ऑफ वॉर जैसी अनेक आकर्षक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

इन गतिविधियों का संचालन भीमताल, नैनीताल स्थित होराइजन शेल्टर एडवेंचर (Horizon Shelter Adventure) के सहयोग से किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया। एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी झिझक दूर करने, चुनौतियों का सामना करने, आपसी सहयोग बढ़ाने तथा स्वयं पर विश्वास रखने का अवसर मिला।

कार्यक्रम को अभिभावकों की सहभागिता ने भी विशेष बना दिया। बच्चों और अभिभावकों ने साथ मिलकर विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया, जिससे बाल दिवस का उत्सव और भी यादगार बन गया।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा, उप प्रधानाचार्या भामिनी चौहान जोशी, प्रशासक ऋषभ जोशी, एवं शिक्षकों का मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना भी है। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, साहस और सहयोग की भावना विकसित करती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली होराइजन शेल्टर एडवेंचर की टीम, सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं।










