अस्पताल परिसर में हुई युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने किया गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रुद्रपुर:- जिलाअस्पताल परिसर में हुई युवक की हत्या के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार कर चुकी थी। इस तरह हत्याकांड में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घटना 13 नवंबर की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच हुए विवाद से शुरू हुई थी। दोनों पक्षों के बीच पहले दुकान पर कहासुनी और मारपीट हुई। इसके बाद जिला अस्पताल रुद्रपुर परिसर में दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले में मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा अपराध संख्या 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 118(1), 190, 191 (1) और 351 (3) में मुकदमा दर्ज किया गया।

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया । पुलिस के अनुसार, घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर शामिल हैं।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुटी है। थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










