नवनियुक्त नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने संभाला कार्यभार, कहा बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान

हल्द्वानी:- नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की नवनियुक्त नगर आयुक्त आईएएस आशिमा गोयल ने गुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। कुर्सी संभालते ही उन्होंने शहर की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का संकेत दिया।
कार्यभार ग्रहण करने पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद आशिमा गोयल ने शहर की प्रमुख समस्याओं और नगर निगम की जिम्मेदारियों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
सड़क, सीवरेज और सफाई से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान

नई नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में सड़क, सीवरेज और सफाई से जुड़ी समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आम नागरिकों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल योजनाएं बनाने के बजाय समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
आम जनता की समस्याओं का समय से होगा निस्तारण
आशिमा गोयल ने कहा कि नगर निगम का प्रयास रहेगा कि लोगों को छोटी-छोटी शिकायतों के लिए कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। आम जनता की समस्याओं का समय पर और प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए शिकायत निवारण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
शहर में लंबे समय से जमा कचरे यानी लेगेसी वेस्ट के निस्तारण के साथ प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े का नियमित प्रबंधन भी सुनिश्चित किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करने और कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाएं और आम लोगों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता होगी। अब देखना होगा कि नई कार्ययोजना जमीन पर कितनी तेजी से उतरती है और शहरवासियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से कितनी राहत मिलती है।










