कैंची धाम बाबा के दर्शन करने जा रहे पांच दोस्तों की कार गहरी खाई में गिरी, 29 वर्षीय युवक की मौत, चार घायल, परिजनों में मचा कोहराम

नैनीताल:- कैंची धाम में दर्शन की इच्छा लेकर नैनीताल पहुंचे बरेली के पांच दोस्तों की कार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चला रहे 29 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार सवार चार अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी पांच दोस्त बुधवार शाम स्विफ्ट डिजायर कार (UP 25 EJ 4586) से नैनीताल घूमने पहुंचे थे। 12 नवंबर की मध्य रात्रि सभी दोस्त नैनीताल से कैंची धाम में बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए रवाना हुए। इसी दौरान निगलाट क्षेत्र के समीप अचानक कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद खाई से घायलों की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। खैरना पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायलों को खाई से बाहर निकाला और एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी भवाली भेजा। वहीं, हादसे में कार चालक बरेली के ग्राम शेखपुर निवासी अनुज तिवारी (29) की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ ने उनका शव खाई से निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घायलों की पहचान बरेली निवासी सनी (23), संचित, रवि और संदीप शर्मा के रूप में हुई है। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पर्यटकों से पहाड़ी रास्तों पर रात के समय विशेष सतर्कता बरतने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।










