अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू: ऑनलाइन पंजीकरण हुआ प्रारंभ, चार जिलों के युवाओं के लिए मौका, तैयारियों में जुटे अभ्यर्थी


अल्मोड़ा: अग्निवीर भर्ती 2026 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है। विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है, जिसकी अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित की गई है। सेना में शामिल होकर देशसेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत इस बार कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा (CEE) देशभर के 176 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट इंडियन आर्मी के पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के लिए पांच विकल्प भरने होंगे, जिनमें से एक केंद्र आवंटित किया जाएगा। आवेदन शुल्क के रूप में 250 रुपये का ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य रखा गया है।
आयु सीमा 21 से बढ़ाकर 22 वर्ष, अधिक युवाओं को मिलेगा अवसर
इस वर्ष भर्ती नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है। सेना के इस फैसले से हजारों युवाओं को अतिरिक्त अवसर मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि आयु सीमा में यह बढ़ोतरी प्रतिस्पर्धा को और कड़ा बनाएगी।
परीक्षा में सफल अभ्यर्थी हीआगे की भर्ती प्रक्रिया में होंगे शामिल
सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही आगे की भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए डिजिटल सिस्टम को प्राथमिकता दी गई है।
चार जिलों के युवाओं को मिलेगा विशेष अवसर
सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अंतर्गत उत्तराखंड के चार जिलों – अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर– के अभ्यर्थी इस भर्ती में भाग ले सकेंगे। इस बार युवाओं को एक साथ दो अलग-अलग पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे उनकी संभावनाएं और बढ़ गई हैं।
युवाओं में उत्साह का माहौल, तैयारी में जुटे अभ्यर्थी
भर्ती की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में युवाओं के बीच उत्साह का माहौल है। कोचिंग संस्थानों और खेल मैदानों में अभ्यर्थी तैयारी में जुट गए हैं। सेना अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय सीमा से पहले आवेदन कर आधिकारिक दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और परीक्षा की गंभीरता से तैयारी करें।









