घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग सिस्टम में आई तकनीकी खामियों के चलते उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ी, प्रशासन ने कहा: जिले में एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध


हल्द्वानीः- घरेलू गैस सिलेंडरों (एलपीजी) की किल्लत की खबरों के बीच अब गैस कंपनियों के बुकिंग सिस्टम में आई तकनीकी खामियां आ रही है जिसके चलते उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।

एक ओर जहां आम उपभोक्ता गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने जिले में गैस की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता होने का दावा किया है।
भारत गैस सेवा से जुड़े कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन गैस बुकिंग करने में तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ रहा है जिसकी वजह से सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है।
इस बीच गैस एजेंसियों के संचालकों की ओर से भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस वाहन चालकों के मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
उधर जिला प्रशासन ने इन सभी आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों के
अनुसार जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस का स्टॉक उपलब्ध है और मांग के अनुरूप गैस कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति की जा रही है।
प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पैट्रोलियम के गैस वितरकों व एरिया प्रबंधकों के साथ ही नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।
हालांकि प्रशासन के दावों के बावजूद गैस बुकिंग सिस्टम में आ रही तकनीकी समस्या और डिलीवरी में हो रही देरी ने फिलहाल उपभोक्ताओं के बीच असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है।








