बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य निर्धारित समय में पूरा करना आवश्यक: नवीन वर्मा

हल्द्वानी:- हल्द्वानी के मुख्य राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया के कारण लंबित है। अब इस दिशा में कुछ उम्मीद जगी है। ऐसे में बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराकर निर्धारित समय में पूरा किया जाना आवश्यक है।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार क्षेत्र में निर्माण कार्य की समयबद्ध योजना बनाई जानी चाहिए, ताकि त्योहारों के दौरान व्यापारियों और आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो तथा बाजार की गतिविधियां निर्माण कार्य से बाधित न हों।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने की होनी चाहिए। सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ सड़क किनारे नालियों का निर्माण, विद्युत लाइनों का व्यवस्थित स्थानांतरण, सीवरेज लाइन तथा अन्य आवश्यक कार्य भी एक साथ अथवा चरणबद्ध तरीके से समय पर पूरे किए जाने चाहिए।
नवीन वर्मा ने कहा कि हल्द्वानी का बाजार क्षेत्र शहर का प्रमुख एवं ऐतिहासिक व्यावसायिक केंद्र रहा है। सड़क चौड़ीकरण के साथ इस क्षेत्र को सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और सुंदर बनाने की दिशा में भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और संबंधित विभाग जनहित को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के साथ इस महत्वपूर्ण कार्य को शीघ्र गति प्रदान करेंगे।










