शातिर अंतरराज्यीय चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चोरी का सामान समेत अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस किए बरामद


हल्द्वानी:- नैनीताल पुलिस ने शातिर अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का समान समेत अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अभियुक्त के विरुद्ध उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा (पंचकुला) के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशानुसार जनपद में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं के खुलासे हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। बताया कि वादी प्रकाश कविदयाल (निवासी हीरानगर) ने घर के सामने से पल्सर मोटरसाइकिल (यूके 04 के 6143) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद 11 मार्च को वादी सुमित (निवासी राजपुरा) ने दुकान से 4 मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देशानुसार मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी द्वारा अमित कुमार सैनी सीओ हल्द्वानी के पर्यवेक्षण और विजय सिंह मेहता प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और सुरागरसी की मदद से पुलिस ने अभियुक्त कवि बिष्ट को चोरी के माल के साथ दबोच लिया।
पुलिस ने अभियुक्त कवि बिष्ट पुत्र कुन्दन सिंह (उम्रः 33 वर्ष) निवासी-गोलू माजरा डेरावसी, थाना डेरावसी, मोहाली (चंडीगढ़) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पल्सर (यूके 04 के 6143), चार मोबाइल, एक देशी पिस्टल (32 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
गिरफ्तारी के दौरान अवैध हथियार मिलने पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना हल्द्वानी में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
अभियुक्त एक पेशेवर अपराधी है, जिसके विरुद्ध उत्तराखंड के अलावा चंडीगढ़ और हरियाणा (पंचकुला) के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और झपटमारी के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल थे।








