शादी का झूठा झांसा देकर 9 वर्ष तक शारीरिक और मानसिक शोषण का आरोप, महिला अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

अल्मोड़ा:- भतरौजखान थाने में एक महिला अधिकारी ने एक व्यक्ति पर शादी का झूठा झांसा देकर नौ वर्षों तक शारीरिक और मानसिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला अधिकारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित नंदन सिंह रावत के खिलाफ महिला उत्पीड़न, ठगी, जालसाजी और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब नौ वर्ष पहले आरोपित ने गोलू देवता मंदिर में उससे शादी करने का विश्वास दिलाया और मंगलसूत्र पहनाकर साथ रहने लगा। इसके बाद दोनों लंबे समय तक साथ रहे और आरोपित कई बार महिला के घर भी आता-जाता रहा।
महिला अधिकारी का आरोप है कि इस दौरान आरोपित ने उसके सरकारी पद का लाभ उठाते हुए उससे वाहन, कपड़े, मकान किराया और अन्य निजी खर्चों के नाम पर लाखों रुपये भी ले लिए।
पीड़िता के अनुसार जब उसने संबंध को कानूनी रूप देने और विवाह का पंजीकरण कराने की बात कही तो आरोपी और उसके परिवार ने जातिगत टिप्पणी करते हुए शादी से इनकार कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने फोन पर धमकाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
बीते 9 मार्च को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। पुलिस जब बासोट स्थित उसके किराए के मकान पर पहुंची तो वह फरार मिला। अगले दिन फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर मकान को सीज कर दिया।
एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।









