रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर: किशनगंज लालकुआं के बीच चलेगी होली स्पेशल ट्रेन


लालकुआं:- होली के त्योहार के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने त्योहार के मद्देनज़र किशनगंज से लालकुआं के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। 5 मार्च से 26 मार्च तक संचालित होने वाली यह ट्रेन कुल चार फेरों में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी। उत्तराखंड, बिहार और पूर्वांचल के हजारों यात्रियों को इससे सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, होली के दौरान लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सके और वे सुरक्षित व आरामदायक यात्रा कर सकें।
ट्रेन संख्या 05741/05742 को होली स्पेशल के रूप में चलाया जाएगा। यह मेल/एक्सप्रेस श्रेणी की ट्रेन होगी, जिसमें कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी एवं स्लीपर श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे।
ट्रेन का संचालन इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन से किया जाएगा और इसका रखरखाव किशनगंज में होगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते टिकट आरक्षित कर लें, क्योंकि त्योहार के दिनों में सीटों की मांग काफी अधिक रहती है।
पूरे रूट और टाइमिंग की जानकारी
ट्रेन संख्या 05742 (लालकुआं-किशनगंज) प्रस्थानः प्रत्येक शुक्रवार रात 8:10 बजे लालकुआं सेमार्ग: किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी
■ आगमनः रविवार रात 2 बजे किशनगंज
■ ट्रेन संख्या 05741 (किशनगंज-लालकुआं)
प्रस्थानः प्रत्येक बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे किशनगंज से आगमनः अगले दिन शाम 4:55 बजे लालकुआं
प्रवासियों और छात्रों को मिलेगा फायदा
कुमाऊं से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और व्यवसाय के सिलसिले में बिहार और पूर्वांचल में रहते हैं। वहीं पूर्वी राज्यों से भी कई परिवार उत्तराखंड में कार्यरत हैं। ऐसे में यह स्पेशल ट्रेन दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को आसान बनाएगी।
रेलवे का मानना है कि इस पहल से त्योहार के दौरान वेटिंग लिस्ट में कमी आएगी और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
होली के अवसर पर चलाई जा रही यह स्पेशल ट्रेन उन हजारों परिवारों के लिए खुशियों की सौगात है, जो रंगों के इस त्योहार पर अपनों के बीच पहुंचना चाहते हैं।










