मौसम: प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट


देहरादून:- उत्तराखंड में आज से अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 1 से 3 फरवरी तक हवाओं के साथ बारिश, बर्फबारी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे मैदानी व पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट आने से ठंड में और बढ़ोतरी के आसार हैं।
आज रविवार को मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज रविवार को उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों में मौसम बदला हुआ रहेगा। राज्य के देहरादून , उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, टिहरी और पौड़ी जिले में कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा, व अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में कहीं-कहीं कोहरा छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार से सक्रिय होने वाले विक्षोभ के कारण 01, 02 और 03 फरवरी को राज्य के अधिकतर जनपदों में बारिश होने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का अनुमान है, जिससे ठिठुरन बढ़ सकती है।
तापमान में गिरावट आने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 24.7 और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 17.5 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 17.1 और न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 16.8 और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।









