कालिंदी खाल ट्रैक में फंसे 19 ट्रैकरों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला, सभी को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया

उत्तरकाशी:- कालिंदी खाल ट्रेक में फंसे सभी 19 ट्रेकर्स को आज मंगलवार को सकुशल रेस्क्यू कर लिया। विषम मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ की टीम ने अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में एसडीआरएफ की विशेषज्ञ हाई-एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम ने रेकी करने के साथ सुरक्षित निकासी की कार्रवाई की। टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए।
क्षेत्र में लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण रेस्क्यू अभियान में कई चुनौतियां लगातार सामने आईं। मौसम खराब होने पर अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। मौसम अनुकूल होने के बाद रेस्क्यू कार्य को दोबारा शुरू किया गया और सभी 19 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया। एसडीआरएफ के अनुसार सभी ट्रेकर्स के सुरक्षित पहुंचने के साथ ही कालिंदी खाल रेस्क्यू अभियान अब पूर्ण कर लिया गया है।











