सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज एनकेबी टाइम्स का किया शुभारंभ, कहा स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता आवश्यक

हल्द्वानी:- सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में एनकेबी टाइम्स का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एनकेबी टाइम्स की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद आवश्यक है। पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ ही जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर उसकी समस्याओं को सामने लाते हैं और उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्हें विश्वास है कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने के साथ पत्रकारिता के मूल्यों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का काम करेगा। पत्रकारिता को जन-जन तक पहुंचाने और उसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक सहयोग भी जरूरी है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा पर विचार रखते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय संस्कृति में भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों के प्रतीक हैं। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। श्रीराम के आदर्श समाज में एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, श्रीमती सरिता आर्या, राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा, रेनू अधिकारी, एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह, गणेश जोशी, कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।









