सड़क हादसा: बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल, मृतकों में ग्राम विकास अधिकारी भी शामिल

हल्द्वानी:- आज शाम बेलबाबा के पास सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ। मृतकों की पहचान ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता और कालाढूंगी निवासी सौरभ बिष्ट के रूप में हुई है। सौरभ ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी राजीव गुप्ता सोमवार को अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ हल्द्वानी आए थे। दोनों यहां राजीव की भांजी भावना की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब सात बजे रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में राजीव गुप्ता और दूसरी बाइक के चालक सौरभ बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजीव के बहनोई प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही राजीव के परिजन एसटीएच पहुंच गए। परिवार के मुताबिक, राजीव की भांजी भावना की शादी आगामी 15 नवंबर को होनी है। इसी सिलसिले में राजीव हल्द्वानी में शादी के कार्ड बांटने आए थे। परिवार में शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
पुलिस ने शव मोर्चरी में भेजे, हादसे के कारणों की जांच शुरू
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।










