कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कैंप कार्यालय में सुनी जनता की समस्याएं, कई समस्याओं का मौके पर ही किया समाधान

हल्द्वानी:- कुमाऊं कमिश्नर/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में भूमि सम्बन्धित विवाद, स्कूल की फीस माफ करने, भरण पोषण, भूमि कब्जा दिलाने आदि समस्याओं का मौके पर समाधान किया।
प्लॉट के दाखिल-खारिज में आ रही आपत्ति पर आयुक्त ने कराया समझौता, क्रेता को वापस मिले 5 लाख
अदनान अंसारी, निवासी बनभूलपुरा ने विगत माह नवाड़ खेड़ा, गौलापार में सलीम सैफी से एक प्लॉट क्रय किया था। प्लॉट के एवज में 5 लाख रुपये की धनराशि दी गई थी तथा प्लॉट की रजिस्ट्री भी हो गई थी, लेकिन आपत्तियों के कारण दाखिल-खारिज नहीं हो पाया था। विगत जनसुनवाई में अदनान द्वारा इस समस्या से अवगत कराया गया था। आयुक्त ने आपसी समझौते के आधार पर 4.50 लाख रुपये पूर्व में तथा शेष 50 हजार रुपये की धनराशि आज शुक्रवार को वापस दिलाई गई। धनराशि वापस मिलने पर अदनान अंसारी ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
आयुक्त ने लिव-इन में रह रहे दोनों पक्षों को कार्यालय में तलब कर उनकी समस्या का किया समाधान, तीन माह में 7 लाख लौटाने के निर्देश
युवती ने बताया कि वह लगभग तीन माह से लिव-इन पार्टनर के रूप में रह रही थी तथा युवक ने उससे लगभग 7 लाख रुपये का सोना एवं नगद धनराशि ली थी, जिसे वापस नहीं किया गया। युवती द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को लिव-इन पार्टनर में रह रहे युवक ने सही बताया। मामले में समझौते के तहत आयुक्त द्वारा युवक को निर्देश दिए गए कि वह 7 लाख रुपये की धनराशि तीन माह के भीतर युवती को वापस करे। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर धनराशि वापस न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति पर आयुक्त सख्त, एक वार्ड में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के निर्देश
वार्ड में अधिकांश सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई कार्य नहीं करने और अनुपस्थित रहने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि सभी वार्डों में बायोमेट्रिक मशीन लगाई जाए। आयुक्त ने कहा कि निगम में कार्यरत सुपरवाइजर नियमित रूप से वार्डों में चेकिंग करें तथा अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों और लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

गुरमुख सिंह पूर्व प्रधान दुर्गापुर ने शिकायत के माध्यम से अवगत कराया कि तुमड़िया डेम के निकट लगी ग्राम समाज की भूमि, बंजर भूमि और सिंचाई विभाग की भूमि पर स्थानीय लोगों ने कब्जा कर ज़मीन की अवैध खरीद फरोख्त की जा रही है। जिसका संज्ञान लेते हुए कुमाऊं आयुक्त ने तहसीलदार काशीपुर, नायब तहसीलदार काशीपर संबंधित चकबंदीअधिकारी अतिशीघ्र तुमड़िया डैम क्षेत्र का निरीक्षण कर सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को तत्काल हटाने के कड़े निर्देश दिए और संबंधितों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। आयुक्त दीपक रावत ने सीओ चकबंदी व तहसीलदार काशीपुर को 5 दिन के अंदर कारवाही करते हुए सूचना से अवगत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दस्तावेजों का निरीक्षण करने और दस्तावेजों में छेड़छाड़ या अन्य अनियमितताओं को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा यदि दस्तावेजों में कोई छेड़छाड़ का मामला संज्ञान में आया तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जनसुनवाई में नाहिदा निवासी गौजाजाली ने स्कूल की फीस माफ करने, शान्ति भटट ने भरण पोषण अपनी बहू से दिलवाने, किरन जोशी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आर्थिक सहायता प्रदान करने, हिमानी त्रिपाठी ने पडोसियों द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने, फरहीन निवासी बागजाला ने पारिवारिक खर्च न देने के सम्बन्ध में राहुल लोहनी ने भूमि से कब्जा छुडवाने का अनुरोध किया। जनसुनवाई में आयुक्त द्वारा अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर किया।










