उत्तराखंड में फिर मौसम बदलने की संभावना, प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार

देहरादून:- प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने की संभावना है। बुधवार को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव से पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में गिरावट आ सकती है। ऐसे में दिन के समय भी ठंड का अहसास बढ़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
बारिश-बर्फबारी से ठंड बढ़ने के आसार
पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदलने का असर तापमान पर भी दिखाई दे सकता है। बारिश और बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ने के आसार हैं। सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट महसूस हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से सर्दी का असर और तेज होने की संभावना है।
मंगलवार को दिन में खिली धूप, रात को मौसम सामान्य
इससे पहले मंगलवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा और दिन के समय चटक धूप खिली रही। इसके चलते दिन में मौसम सुहावना बना रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। हालांकि, बुधवार को संभावित बारिश और बर्फबारी के चलते मौसम का मिजाज बदल सकता है।











