नैनीताल पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी: 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल ऑल्टो कार भी बरामद

हल्द्वानी:- नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी की टीम ने लालकुआं में बड़ी कार्रवाई करते हुए 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार भी बरामद की गयी है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की
चेकिंग शुरू की।
पुलिस के मुताबिक छह अक्तूबर को चेकिंग के दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास अल्टो कार संख्या यूपी 24 एच-4787 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दो लोगों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गंठा (36) निवासी इंद्रानगर पुलिया के पास, सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर और मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहल्ला मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में बहेड़ी से स्मैक की खरीद किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत भी अग्रिम जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास मालूम किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 56/2026, धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामदगी में 218.04 ग्राम अवैध स्मैक के साथ अल्टो कार शामिल है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, कांस्टेबल दिलीप कुमार, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्रवाई करने वाली टीम के उत्साहवर्धन के लिए दो हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।










