बाथरूम में मिला सिंचाई विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर का शव, करंट लगने से मौत की आशंका

कोटद्वार:- सिंचाई विभाग में तैनात जूनियर इंजीनियर का शव रविवार को उनके सरकारी आवास के बाथरूम में पड़ा मिला। दाहिने हाथ की उंगली जली होने के कारण करंट लगने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यूपी सिंचाई विभाग के शिविर प्रबंध खंड कालागढ़ में तैनात जेई अनिल कुमार (45) नई कॉलोनी स्थित विभागीय आवास में रहते थे। उनका परिवार जसपुर में रहता है, शनिवार को वह आवास पर थे। रविवार सुबह पत्नी ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को फोन कर जानकारी लेने को कहा। पड़ोसियों ने आवास के भीतर जाकर देखा तो अनिल कुमार बाथरूम में मृत पड़े थे। सूचना मिलने पर उनकी पत्नी और बेटी मौके पर पहुंचीं और पुलिस को जानकारी दी।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने निरीक्षण और आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ की उंगली जली हुई थी। प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।









