उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, आग की चपेट में आने से करीब 30 लकड़ी के भवन जलकर राख, किसी प्रकार की जनहानि नहीं

उत्तरकाशी:- उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड स्थित पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से भारी तबाही मच गई। आग की चपेट में आने से करीब 30 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने और घरों से सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। इस भीषण हादसे में गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीण यश पंवार के अनुसार, रसोई गैस सिलिंडर फटने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई लकड़ी से बने भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। मकान लकड़ी के होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में करीब 30 भवन जलकर राख हो गए।
भीषण अग्निकांड के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीण एकजुट होकर आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने के लिए लगातार कोशिशें कीं, लेकिन लकड़ी के भवनों में आग तेजी से फैलनेके कारण नुकसान काफी बढ़ गया

इस अग्निकांड में करीब 30 भवनों के जलने से ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कई परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर संकट खड़ा हो गया है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी जनहानि होने की सूचना नहीं है।









