दिव्यांग कोटे से नौकरी पाने वाले शिक्षकों की फिर होगी मेडिकल जांच, शिक्षा विभाग ने किया नोडल अधिकारी नियुक्त

देहरादून:- प्रदेश में शिक्षा विभाग में दिव्यांग कोटे के तहत नौकरी पाने वाले करीब 100 शिक्षकों की एक बार फिर मेडिकल जांच कराई जाएगी। दिव्यांगता के नाम पर अपात्र अभ्यर्थियों द्वारा सरकारी नौकरी हासिल करने की शिकायतों के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर जांच प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शिक्षा विभाग ने नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है।
दरअसल, आरोप हैं कि कुछ अभ्यर्थियों ने कथित तौर पर फर्जी दिव्यांगता प्रमाणपत्रों के आधार पर आरक्षण का लाभ उठाकर शिक्षक की नौकरी हासिल कर ली। मामला तब सामने आया जब नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड ने इस संबंध में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की। याचिका पर वर्ष 2022 में संबंधित शिक्षकों के दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की राज्य मेडिकल बोर्ड से जांच कराई गई थी। बताया गया कि जांच में कई तरह की अनियमितताएं सामने आई थीं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी।
अब इस पूरे प्रकरण में एक बार फिर नए सिरे से जांच की तैयारी है। इससे पहले एम्स ऋषिकेश में शिक्षकों की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन एसआईआर और जनगणना कार्यों में ड्यूटी लगने के कारण सभी शिक्षकों की जांच पूरी नहीं हो पाई। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अभी करीब 100 शिक्षकों की मेडिकल जांच होनी बाकी है।
नोडल अधिकारी नामित, संबंधित शिक्षकों की होगी मेडिकल जांच
स्वास्थ्य महानिदेशालय के पत्र के बाद शिक्षा विभाग ने जांच प्रक्रिया के समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नामित कर दिया है। अब संबंधित शिक्षकों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। जांच में दिव्यांगता प्रमाणपत्रों की वास्तविकता और पात्रता की पड़ताल होगी। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गोविंद राम जायसवाल ने बताया कि दिव्यांग कोटे से भर्ती शिक्षकों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से नोडल अधिकारी नामित कर दिया गया है।










