एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कोटाबाग के दूरस्थ गांव में पहुंचकर ग्रामीणों और बुजुर्गों से की मुलाकात, उनकी समस्या और सुझावों को गंभीरता से सुना, हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया

नैनीताल:- एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रविवार को जनमिलन कार्यक्रम के तहत कोटाबाग के दूरस्थ गांव पाटकोट और रामपुर पहुंचकर ग्रामीणों एवं बुजुर्गों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्ग महिला-पुरुषों का हाल जाना और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। एसएसपी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।
जनमिलन कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने ग्राम प्रधान रमेश चंद्र, पूर्व ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों से भी बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों को चौकी प्रभारी कोटाबाग और चौकी प्रभारी बैलपड़ाव के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। एसएसपी ने संबंधित चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर क्षेत्र के बुजुर्गों से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम पूछें और उनकी समस्याओं की जानकारी रखें। विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला-पुरुषों की जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद की जाए।
इसके बाद एसएसपी ने क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों और स्टाफ से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिया। स्वास्थ्य केंद्र में चल रहे अभियान के तहत आयोजित शिविर का भ्रमण कर बच्चों और उनके अभिभावकों से भी बातचीत की। इस दौरान एसएसपी ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की खुराक भी पिलाई।

एसएसपी ने क्षेत्र के एक स्थानीय होमस्टे का भ्रमण कर कुमाऊंनी व्यंजनों और पहाड़ी उत्पादों का स्वाद भी लिया। उन्होंने होमस्टे संचालकों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, उनकी पहचान स्थापित करने और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के संबंध में चर्चा की। साथ ही संचालकों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। एसएसपी ने बताया कि नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना देने की अपील की। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा, चौकी प्रभारी कोटाबाग, उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।










