नाबालिग से शादी करने पहुंचे दूल्हे को बिना दुल्हन लौटना पड़ा वापस, एनजीओ की टीम और पुलिस की सक्रियता ने रुकवाया बाल विवाह

किच्छा:- बरेली जिले के नवाबगंज से 50 बारातियों के साथ नाबालिग लड़की से शादी करने पहुंचे 25 वर्षीय युवक को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। ऐन वक्त पर एनजीओ की टीम और पुलिस की सक्रियता से बाल विवाह रुकवा दिया। विवाह मंडप में फेरे लेने की तैयारियां पूरी थीं, लेकिन दुल्हन की उम्र साबित करने वाले दस्तावेज नहीं मिलने पर शादी रोक दी गई।
इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) की परियोजना निदेशक बिंदुवासिनी ने बताया कि शुक्रवार को उनकी टीम को किच्छा के आजाद नगर स्थित सोनेरा वार्ड नंबर चार में बाल विवाह होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। दुल्हन के नाबालिग होने की आशंका को देखते हुए उन्होंने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन के परिजनों से आयु प्रमाण संबंधी दस्तावेज मांगे। जांच में दूल्हे की उम्र 25 वर्ष पाई गई, लेकिन दुल्हन के परिजन उसकी बालिग होने का प्रमाण नहीं दे सके। इसके बाद टीम ने विवाह रुकवा दिया।

इस दौरान परियोजना निदेशक बिंदुवासिनी ने बारातियों और घरातियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही सभी को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन अलायंस के अभियान के प्रति जागरूक किया।
काउंसलिंग के दौरान परिजनों और अन्य लोगों ने बालिका के बालिग होने के बाद ही उसका विवाह कराने पर सहमति जताई। इसके बाद करीब 50 बारातियों के साथ पहुंची बारात को बिना शादी किए ही वापस लौटना पड़ा।
टीम ने लोगों से अपील की कि कहीं भी बाल विवाह की आशंका होने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। इस दौरान परियोजना समन्वयक संगीता, वार्ड सभासद राजकुमार कोली और कांस्टेबल उमेश गिरी मौजूद रहे।










