Medical
उत्तराखण्डपौड़ी

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, परिवार, रिश्तेदारों और गांव सहित क्षेत्र में शोक की लहर, शनिवार को हरिद्वार में होगा उनका अंतिम संस्कार

पौड़ी:-  उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया।  उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और गांव सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

सावित्री देवी पिछले कई वर्षों से अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रह रही थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपनी जन्मभूमि और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। हालांकि, संन्यास ग्रहण करने और सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के चलते उनकी पारिवारिक मुलाकातें सीमित रही हैं। इसके बावजूद वह समय-समय पर अपने गांव और परिजनों से मिलने पहुंचते रहे हैं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए राहत भरी खबर: मानदेय में हो सकती है दो हजार रुपए तक की बढ़ोतरी, शासन को भेजा प्रस्ताव
Ad

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से आखिरी मुलाकात इसी वर्ष मई में हुई थी। सात मई को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और स्थानीय लोगों तथा परिजनों से मुलाकात की थी।
आठ मई को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि मां और बेटे की यह मुलाकात आखिरी साबित होगी।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र के पंचूर गांव में हुआ था। उनका बचपन इसी पहाड़ी परिवेश में बीता। संन्यास लेने के बाद उन्होंने अपना जीवन आध्यात्मिक और सार्वजनिक दायित्वों को समर्पित कर दिया, लेकिन अपनी जन्मभूमि और परिवार के प्रति उनका लगाव हमेशा बना रहा।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले की तैयारियों को लेकर हल्द्वानी में बैठक आयोजित, 20 नवंबर से स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का पंजीकरण ऑफलाइन शुरू

मां सावित्री देवी के निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की ऐसी अनमोल धरोहर होते हैं, जिनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर विभिन्न क्षेत्रों से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
शनिवार को हरिद्वार में होने वाले अंतिम संस्कार में परिजनों और शुभचिंतकों के शामिल होने की संभावना है। सावित्री देवी के निधन से उनके पैतृक गांव पंचूर में  शोक का माहौल है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Anand Batra

Editor-in-Chief - Hills News (www.hillsnews.in)

यह भी पढ़ें 👉