कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने जनसुनवाई में लोगों की सुनी समस्याएं, भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा क्लेम, संपत्ति में हिस्सा दिलाने और प्लॉट पर कब्जे से जुड़े मामलों का मौके पर ही किया समाधान

हल्द्वानी:- कुमाऊं कमिश्नर/ सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आज सोमवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। भूमि विवाद, दुर्घटना बीमा क्लेम, संपत्ति में हिस्सा दिलाने और प्लॉट पर कब्जे से जुड़े मामलों में उन्होंने संबंधित पक्षों को तलब कर अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया।
जनसुनवाई में हल्द्वानी निवासी अनीता ने बताया कि उनके पूर्व सैनिक पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनकी पेंशन बैंक ऑफ बड़ौदा में आती थी, लेकिन परिवार को दुर्घटना बीमा का लाभ नहीं मिला। इस पर आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और बैंक अधिकारियों को बुलाकर जानकारी ली। बैंक अधिकारियों ने बताया कि रक्षा पेंशन पैकेज के तहत संचालित खाते पर पूर्व सैनिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर करीब 35 लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है। सामान्य बचत खाते पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।
आयुक्त ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि रक्षा पेंशन पैकेज के तहत मिलने वाले बीमा लाभ का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सभी पात्र पूर्व सैनिक अपने खाते इस पैकेज के अंतर्गत संचालित करा सकें।

मुकेश भट्ट निवासी हल्द्वानी ने शिकायत की कि उन्होंने दो वर्ष पहले माया देवी से भूमि खरीदने के लिए 5.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन न तो उन्हें जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई। आयुक्त ने दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी समझौता कराया और एक माह के भीतर पूरी धनराशि लौटाने के निर्देश दिए। समय पर भुगतान नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जसपुर निवासी अनीता शर्मा ने 60 बीघा भूमि पर न्यायालय से स्टे होने के बावजूद दूसरे पक्ष द्वारा फसल बोने, तारबाड़ करने और टीन शेड बनाने की शिकायत की। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्टे वाली भूमि पर न्यायालय का फैसला आने तक कोई भी कार्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने दूसरे पक्ष को आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।









