उत्तराखंड में अभी सर्दी की रफ्तार कम, दिन में चटख धूप तापमान सामान्य से ऊपर, सुबह शाम ठंड का एहसास, 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना

देहरादून:- उत्तराखंड में नवंबर का आधा महीना बीत जाने के बावजूद भी सर्दी पूरी तरह जोर नहीं पकड़ पा रही है। आमतौर पर देखा जाता है कि इस समय तक पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड का असर बढ़ने लगता है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। बारिश नहीं होने के कारण दिन में चटक धूप खिल रही है और तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। सुबह और शाम को ही लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि दोपहर में गर्मी अभी भी परेशान कर रही है।
मौसम के इस बदले मिजाज के पीछे पहाड़ों में बारिश न होना प्रमुख वजह माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। 28 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में नवंबर के अंतिम सप्ताह में भी दिन के तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। मैदानी इलाकों में धूप का असर बरकरार रहने से लोगों को सर्दियों का इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 23 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, 24 से 28 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में सर्दी की रफ्तार अभी धीमी बनी हुई है।











