उत्तराखंड मौसम: प्रदेश से होगी मानसून की विदाई, ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना, अक्टूबर में मौसम का बदलेगा मिजाज

हल्द्वानी/देहरादून:- उत्तराखंड में मानसून अब लगातार कमजोर पड़ रहा है और प्रदेश से इसकी विदाई का दौर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई जा रही है।
मानसून की सक्रियता कम होने के साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ होने लगा है। मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप खिल रही है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। हालांकि, कुछ पहाड़ी इलाकों में अभी भी हल्की बौछारों का दौर बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है।
पांच जिलों में हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय कहीं-कहीं मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।
अक्टूबर की शुरुआत में बदलेगा मौसम
सितंबर में सामान्य से अधिक बारिश के बाद अब अक्टूबर की शुरुआत में मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मानसून की वापसी के साथ बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आएगी और प्रदेश में मौसम साफ एवं शुष्क रहेगा ।










