महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को लेकर हल्द्वानी शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव, नैनीताल रोड समेत कई मार्गों पर आवाजाही प्रतिबंधित

हल्द्वानी: महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव और मतगणना को लेकर आज मंगलवार को हल्द्वानी शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 29 सितंबर को सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस दौरान नैनीताल रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
चुनाव और मतगणना के दौरान एमबीपीजी कॉलेज के आसपास बड़ी संख्या में छात्रों और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने कुछ मार्गों को जीरो जोन में रखा है, जबकि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं। ऐसे में शहर में निकलने वाले वाहन चालकों को आज बदली हुई यातायात व्यवस्था का ध्यान रखना होगा।
नैनीताल रोड पर छोटे-बड़े माल वाहनों समेत प्रतिबंधित वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। इन वाहनों को बाईपास मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए आगे जाएंगे। वहीं रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर तिराहा, बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड और नारिमन तिराहा होकर जाना होगा।
रामपुर रोड से कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहनों को पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए भेजा जाएगा। पर्वतीय क्षेत्र से मैदानी क्षेत्र की ओर आने वाले वाहन नारिमन तिराहा से गौलापार रोड होते हुए आगे जाएंगे।
रोडवेज और केमू बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाली बसें नारिमन तिराहा, गौलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनि बाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज/केमू स्टेशन पहुंचेंगी। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट, ताज चौराहा, गौलापुल, गौलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए आगे जाएंगी।
काठगोदाम से हल्द्वानी आने वाले वाहनों के लिए कालटैक्स/हाइडिल तिराहा, पनचक्की तिराहा, चंबल पुल, लालडांठ तिराहा/ऊंचापुल चौराहा का रूट निर्धारित किया गया है। आवास विकास तिराहा से आने वाले वाहन ठंडी सड़क और तिकोनिया चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
हल्द्वानी से काठगोदाम जाने वाले वाहनों को तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पनचक्की चौराहा होते हुए आगे जाना होगा।
इन रास्तों पर पूरी तरह से रहेगा प्रतिबंध
मतगणना के दौरान दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा, कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा और कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन क्षेत्रों को जीरो जोन बनाया गया है।
चुनाव और मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे आज अनावश्यक रूप से एमबीपीजी कॉलेज और आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर जाने से बचें। जरूरी यात्रा करने वाले लोग निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करें, ताकि चुनाव और मतगणना के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।











