स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के 23वें दिन एमबीपीजी कॉलेज में स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं 3R पर कार्यशाला आयोजित, एनएसएस विद्यार्थियों को दिया गया संदेश

हल्द्वानी:- स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2026 के क्रम में आज पखवाड़े के 23वें दिन एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विद्यार्थियों हेतु स्रोत पर कचरा पृथक्करण, ठोस कचरा प्रबंधन एवं 3R सिद्धांत पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्रोत पर ही कचरे को अलग-अलग रखने, ठोस एवं प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन तथा Reduce, Reuse & Recycle (3R) के महत्व के प्रति जागरूक कर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रभावी कचरा प्रबंधन की शुरुआत कचरे को उसके उत्पन्न होने के स्थान पर ही अलग करने से होती है। गीले, सूखे, सेनेटरी तथा घरेलू हानिकारक कचरे को अलग-अलग रखने से संग्रहण, पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण एवं वैज्ञानिक निस्तारण में आसानी होती है। कचरे को अलग रखने के साथ ही संग्रहण के समय भी उसे अलग-अलग ही नगर निगम की गाड़ियों को सौंपने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला के दौरान प्लास्टिक प्रदूषण की चुनौतियों पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, बाजार जाते समय कपड़े या जूट का थैला साथ रखने तथा प्लास्टिक कचरे को अलग एकत्र कर उचित संग्रहण व्यवस्था को सौंपने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर NSS विद्यार्थियों को स्वच्छता का संदेशवाहक बताते हुए कहा गया कि युवा अपने कॉलेज परिसर, घरों एवं समुदाय में लोगों को कचरा पृथक्करण एवं जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के लिए प्रेरित कर सकते हैं। स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में एमबीपीजी कॉलेज के समस्त NSS प्रभारी, बैंणी सेना प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज नेगी, स्वच्छ भारत मिशन टीम से मनीष पांडे तथा PMU टीम से पंकज द्विवेदी सहित नगर निगम एवं कॉलेज की टीम उपस्थित रही।









