Medical
उत्तराखण्ड

तंत्र-मंत्र के दौरान 6 वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर विसरा रखा सुरक्षित

ADVERTISEMENTS Ad

काशीपुर:-  अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक बार फिर मासूम की जान चली गई। उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र स्थित शिवलालपुर अमरझंडा के एक धाम में तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया के दौरान छह वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने धाम में पहुंचकर महंत और उसके सेवादारों की पिटाई कर दी तथा महंत और एक सहयोगी को अपने साथ ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा सुरक्षित रख लिया है।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार, संभल जिले के थाना कुंड़ा क्षेत्र के गांव बेरनी निवासी वीरवती अपने छह वर्षीय पोते अर्पित यादव को लेकर 27 जुलाई को शिवलालपुर अमरझंडा स्थित एक धाम पहुंची थीं। परिजनों के मुताबिक बच्चे को दौरे पड़ने की शिकायत थी और उसे तंत्र-मंत्र के जरिए ठीक कराने के उद्देश्य से धाम लाया गया था। मंगलवार को दरबार के दौरान तंत्र विद्या की प्रक्रिया के बीच बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बच्चे के पिता सुगर सिंह सहित परिवार के करीब 15-16 सदस्य कई वाहनों में धाम पहुंचे। गुस्साए परिजनों ने धाम संचालक सत्यवीर सिंह और उसके सेवादार प्रशांत व रोहित के साथ मारपीट की। इसके बाद महंत सत्यवीर और एक सहयोगी को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर चंदौसी ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। रास्ते में एक सेवादार रोहित वाहन से कूदकर फरार हो गया।

ADVERTISEMENTS Ad

चंदौसी के अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायलों को पहुंचाया सीएचसी, प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी किया रेफर

क्षेत्राधिकारी चंदौसी विवेक जावला ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं आईटीआई कोतवाल मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास के दुष्परिणामों की ओर इशारा करती है। इससे पहले भी उत्तराखंड में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2023 में काशीपुर में एक पिता ने जिन्न निकालने केभ्रम में अपनी दो बेटियों को प्रताड़ित किया, जिससे उनकी मौत हो गई थी। वहीं जसपुर में झाड़-फूंक के बहाने एक कथित तांत्रिक द्वारा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला भी सामने आया था।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Anand Batra

Editor-in-Chief - Hills News (www.hillsnews.in)

यह भी पढ़ें 👉