प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और उसके शिशु की मौत, जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पिथौरागढ़:- पिथौरागढ़ के जिला महिला अस्पताल में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।
जिला मुख्यालय से लगे एक गांव की करीब 26 वर्षीय रेखा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन गुरुवार रात जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। रात लगभग 11:30 बजे महिला का सामान्य प्रसव हुआ। बताया जा रहा है कि नवजात मृत पैदा हुआ था। इसके बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे ऑपरेशन थियेटर से सामान्य वार्ड में लाया गया, जहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद महिला की मौत के कारणों को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। शुक्रवार को ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने भी मामले की जानकारी होने से इनकार किया, जबकि अस्पताल की सीएमएस डॉ. भागीरथी गब्याल से संपर्क नहीं हो सका। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए महिला का शव घर ले गए।
सीएमओ डॉ. जीवन सिंह चुफाल ने बताया कि महिला और नवजात की मौत की जानकारी मिली है। अस्पताल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना ने जिला महिला अस्पताल की प्रसव सेवाओं और आपात स्थिति में मरीजों को उपलब्ध कराए जाने वाले उपचार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की हालत बिगड़ने का कारण पता चलेगा।











