राजधानी देहरादून से लेकर प्रदेश में कई जगह मौसम बिगड़ा, आंधी तूफान से जनजीवन प्रभावित, तापमान में आई गिरावट


देहरादून:- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर में कई जगह बारिश हुई, जिससे एक बार फिर ठंड लौट आई है। प्रदेश में आधी रात के बाद आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित हुआ।

कल रविवार को सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। सुबह बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं केदारनाथ धाम में भी अच्छी बर्फबारी हुई। कड़ाके की ठंड और विषम परिस्थितियों के बावजूद यहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान मुस्तैदी से डटे हुए हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा रहा है। जबकि निचले इलाकों में बारिश ने फिर ठंड बढ़ा दी। उधर, वहीं कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे काश्तकारों ने भी राहत की सांस ली। ज्योतिर्मठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, चमोली, पोखरी सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश होने से हल्की ठंड भी शुरू हो गई है।
इसके अलावा देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश होने की भी संभावना है और ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार-पांच दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।










