एप्रोच रोड और गौला पुल सुरक्षात्मक निर्माण कार्य का सांसद अजय भट्ट ने किया निरीक्षण, शेरनाला निर्माणाधीन मोटर पुल कार्य प्रगति के बारे में ली जानकारी


हल्द्वानी:- सांसद अजय भट्ट ने गुरुवार को गौला पुल सुरक्षात्मक कार्य निर्माण और उससे जुड़ी एप्रोच रोड के निर्माण का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने शेरनाला में निर्माणाधीन मोटर पुल के कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी हासिल की।


उन्होंने कहा कि शेरनाला अभी गर्मी में शांत हो जाता है परंतु वर्षा ऋतु में आम जनमानस का आर-पार जाना भी मुश्किल हो जाता है क्योंकि ये सड़क हल्द्वानी से लेकर आदि कैलाश तक जाती है और यही से चंपावत, पिथौरागढ़, धारचुला, नेपाल बॉर्डर तक इस सड़क से आवागमन होता है, इसी कारण इस स्थान पर नदी में मोटर पुल का निर्माण अति आवश्यक था। उन्होंने कहा कि इसी के दृष्टिगत इस पुल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कार्यदाई संस्था लोनिवि पीआईयू खण्ड की अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि अवशेष कार्य 25 जून तक पूर्ण करते हुए मानसून से पूर्व पुल से यातायात हेतु सुचारू किया जाय।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को तय सीमा के भीतर गुणवत्ता पूर्वक तरीके से पूरा किया जाय।
इस दौरान गौला रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क पर होने वाले कार्यों के निर्माण के संबंध में सांसद ने लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि अवशेष कार्यों को शीघ्र ही कराया जाए। इसके साथ ही रेलवे विभाग के इंजीनियर से भी बातचीत कर आपसी समन्वय बनाते हुए कार्य को तेजी से कराया जाय। उन्होंने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय। और कार्य समय पर हों ताकि मानसून के समय जनता को किसी भी प्रकार की समस्या न हो ।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष मानसून सीजन के दौरान गौला पुल और एप्रोच रोड को भारी नुकसान हुआ था, जिसके चलते आवागमन प्रभावित हुआ था, वर्तमान में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य को तय समय सीमा पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सांसद ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता में है और निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान सांसद ने सूर्या नाला का भी निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि उक्त स्थान पर भी मोटर पुल का बनना आवश्यक है इस हेतु मोटर पुल बनाए जाने हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मेयर गजराज सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सरकार में दाइत्वधारी ध्रुव रौतेला, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता आशुतोष, अधिशासी अभियंता लोनिवि पीआईयू बबीता सक्सेना के अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।









