जमीन के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी लंबे समय से चल रहा था फरार


हल्द्वानी/चोरगलिया:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरगलिया पुलिस ने जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जालसाजों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार नवाबी रोड हल्द्वानी निवासी कमला देवी समेत अन्य लोगों ने आरोपी के खिलाफ जमीन की बिक्री और रजिस्ट्री के नाम पर करीब 1.44 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले में थाना चोरगलिया में धारा 420, 467, 468 और 471 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 24 मार्च की देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपांशु बेलवाल (31) पुत्र स्व. नारायण दत्त बेलवाल, निवासी सुरंदरपुर बेलवाल, गौलापार, थाना चोरगलिया के रूप में हुई है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी और हेड कांस्टेबल मलखान सिंह शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।










