भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 150 राज्य पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राओं सहित मार्गदर्शक और प्रधानाचार्य उत्कृष्ट योगदान के लिए हुए सम्मानित


हल्द्वानी:- नैनीताल रोड स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारत स्काउट एवं गाइड के द्वारा बेसिक, एडवांस तथा कब-बुलबुल प्रशिक्षण शिविर का भव्य, अनुशासित एवं सफल आयोजन किया गया।


यह प्रशिक्षण शिविर स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, कब मास्टर एवं फ्लॉक लीडर के लिए आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य स्काउट-गाइड आंदोलन से जुड़े शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं मार्गदर्शकों को सुदृढ़ प्रशिक्षण प्रदान कर विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा-भावना, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रभक्ति जैसे मूल्यों का विकास करना रहा।
शिविर के बेसिक कोर्स में कुल 55 स्काउट मास्टर एवं 59 गाइड कैप्टन प्रतिभाग कर रहे हैं। वहीं एडवांस कोर्स में 13 स्काउट मास्टर एवं 13 गाइड कैप्टन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कब-बुलबुल प्रशिक्षण में 17 कब मास्टर एवं 15 फ्लॉक लीडर सम्मिलित होकर विशेष प्रशिक्षण ले रहे हैं। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति से संपूर्ण शिविर का वातावरण अत्यंत अनुशासित, ऊर्जावान एवं प्रेरणादायक बना हुआ है।
शिविर के दौरान वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में जनपद स्तर से चयनित लगभग 150 राज्य पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ-साथ इन विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने वाले स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन एवं संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राज्य पुरस्कार वितरण एवं प्रशस्ति पत्र वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला मुख्यायुक्त एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी जी.आर. जायसवाल रहे। कार्यक्रम में राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) आर.एस. नेगी, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) रेवती बिष्ट तथा विंध्येश गुप्ता विशिष्ट अतिथि के अतिरिक्त सेंट पॉल्स के प्रधानाचार्य मनोज कुमार, मिताली इरेक्शन भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में स्काउट-गाइड आंदोलन को विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक जिम्मेदारी के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला अध्यक्ष नरेंद्र साह, जिला सचिव आर.एस. जीना, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) चंद्र लाल, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) सीमा सेन, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर (स्काउट) एम.एस. सैनी, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर (गाइड) पुष्पा दरम्वाल तथा जिला स्काउट मास्टर कमलेश सती का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
प्रशिक्षण शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों सरिता सामंत, अनुराधा पांडे, जीतपाल कठैत, टी.पी.एस. गंगवार,विजय बहादुर सिंह, सुशीला जोशी, संतोष जोशी, भुवन सूंठा, माया आर्या एवं लीला जोशी द्वारा विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान ध्वज शिष्टाचार, बी-पी 6, प्राथमिक चिकित्सा, मैपिंग, आपदा प्रबंधन, संस्कार, प्रगतिशील प्रशिक्षण, दल अभिलेख की प्रारंभिक जानकारी, अनुशासन एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विशेष बल दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह से न केवल स्काउट-गाइड आंदोलन को मजबूती मिलती है, बल्कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा मिलती है। प्रतिभागियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रशिक्षण शिविर को अत्यंत लाभकारी बताते हुए आयोजकों एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।










