उत्तराखंड मौसम: 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, पहाड़ी मार्गो में मलबा आने का खतरा, मौसम विभाग ने की अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

देहरादून:- प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने छह जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में जलभराव, निचले इलाकों में पानी भरने जैसी स्थितियां बनने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा प्रदेश के पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। लगातार बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने का खतरा भी बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।









