उत्तराखंड मौसम: पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर रहेगा जारी, प्रशासन ने की अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

देहरादून:- प्रदेश में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से कई क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से वर्षा में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पर्वतीय जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अति तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए प्रशासन ने कई संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। विशेष रूप से नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों, पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वालों और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। यदि मौसम बिगड़ने पर स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।








