मौसम: प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज बारिश और तूफान के आसार, मौसम विभाग ने अलर्ट किया जारी


हल्द्वानी/देहरादून:- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट बदल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश और तेज तूफान के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। यहां हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दिनों की बात करें तो 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम के ऐसे ही बदले हुए तेवर बने रहने का अनुमान है। बीते कुछ दिनों से पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही हल्की बारिश और बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बरकरार है।
सोमवार शाम को चली तेज हवाओं का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिला, जहां तापमान सामान्य से नीचे चला गया। शाम के समय लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ, जबकि दिन भर बादलों की आवाजाही के कारण मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।










