पर्वतीय क्षेत्रों में बदल सकता है मौसम, पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में बढ़ोतरी, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार


हल्द्वानी/देहरादून:- मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा पिछले कुछ दिनों से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब होने का अनुमान जताया जा रहा है, इसके बावजूद मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के साथ-साथ रात को भी गर्मी का एहसास हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार को भी प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं। जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार ज्यादा हैं। इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है और ठंड में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को सावधान रहने की सलाह दी है, क्योंकि ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई जा रही है।









