उत्तराखंड परिवहन निगम में 59 नई बसें शामिल, मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बीएस 06 वाली इन बसों से पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून:- सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नई बसों में नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें आवंटित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। 59 नई बसों के शामिल होने से परिवहन निगम की सेवाओं का दायरा और मजबूत होगा। बीएस-06 मानकों वाली इन बसों से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन का विशेष महत्व है। बेहतर परिवहन सुविधाओं से न केवल आमजन को आवागमन में सहूलियत मिलती है, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। उन्होंने परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई बसों के संचालन के लिए बधाई दी है।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।









