उत्तराखंड मौसम: देहरादून समेत राज्य के 8 जिलों में बारिश की संभावना, 6 और 7 दिसंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान

देहरादून:- प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून केंद्र के अनुसार, हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधम सिंहनगर में आज बारिश की संभावना है। बाकी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए पिथौरागढ़, हरिद्वार, अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और चंपावत में 5 सितंबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 6 और 7 सितंबर को भी उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
वहीं, चमोली में लगातार हो रही बारिश के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही प्रभावित है। नंदप्रयाग के पास पार्थाडीप में भारी मलबा और पेड़ गिरने से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब जा रहे तीर्थयात्रियों समेत अन्य यात्रियों को रास्ता बंद होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजधानी देहरादून में आज आसमान बादलों से घिरा रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों के दौर हो सकते हैं। आईएमडी के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 31°C और न्यूनतम 23°C रहने का अनुमान है।
बीते दिवस केदारनाथ में भारी बारिश के चलते यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया। चमोली में बारिश के कारण बद्रीनाथ हाईवे पर नंदप्रयाग के पास पर्थाडीप में मलबा और पेड़ गिरने से मार्ग बाधित हुआ और करीब 500 यात्री फंसे रहे।
वहीं, नैनीताल के बाद हरिद्वार में भी तेज बारिश हुई। प्रदेशभर में 86 सड़कें बंद रहीं। बागेश्वर के कपकोट में उफनते गधेरे को पार करते समय बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया, हालांकि वह सुरक्षित बच गया।
अगले तीन दिनों के मौसम का अनुमान
6 सितम्बर को हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं सात सितंबर को प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आठ सितंबर को भी प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ बारिश के दौर जारी रहने का अनुमान है।








