एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, फर्जी आईबी. आईडी, कागजात व नीली बत्ती लगी कार बरामद, आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी:- जिले नैनीताल में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन तथा वाहनों की सघन चेकिंग के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी निर्देशों के क्रम में मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी एवं अमित कुमार अपर पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा विजय सिंह मेहता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी के नेतृत्व में 12 सितंबर को थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।
तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या यूपी 25सीएस 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती तथा “भारत सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई।

चालक ने स्वयं को I.B. ऑफिसर बताते हुए एक आईडी कार्ड प्रस्तुत किया तथा अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस द्वारा उसके पद एवं नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगे जाने पर वह सकपकाने लगा और संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। आईडी कार्ड एवं दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी में वाहन के डैशबोर्ड से फर्जी आईबी. आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती लगी हुंडई कार, कार पर लगा “भारत सरकार” का बोर्ड बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रौब दिखाने के उद्देश्य से एयरगन रखी थी तथा उसके पास मौजूद आईबी. आईडी कार्ड एवं संबंधित दस्तावेज फर्जी हैं।
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी द्वारा कपटपूर्वक स्वयं को आईबी अधिकारी/जवान प्रदर्शित करने के उद्देश्य से फर्जी आईडी कार्ड एवं दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया जा रहा था
मामले में थाना हल्द्वानी पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर युवक को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो० अजहर, सुनील टम्टा शामिल थे। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग लगातार जारी है। फर्जी पहचान, सरकारी पद का दुरुपयोग अथवा पुलिस/सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।









