ब्लॉक प्रमुख डॉ हरीश सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में जनसंवाद दिवस का आयोजन, दूरदराज क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, विशेष आर्थिक सहायता की मांग

भीमताल:- प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं के निस्तारण के लिए भीमताल ब्लॉक कार्यालय सभागार में नियमित ‘बुधवार जनसंवाद दिवस’ का आयोजन किया गया।
ब्लॉक प्रमुख डॉ० हरीश सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में दूर-दराज के क्षेत्रों से आए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जनसंवाद के दौरान ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने ज्योलीकोट एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों में फैले डायरिया और पीलिया के प्रकोप को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विशेष आर्थिक सहायता की मांग की है।
डॉ बिष्ट ने पत्र में कहा कि इस बीमारी के चलते क्षेत्र के लोगों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है। इलाज के भारी खर्च के कारण कई ग्रामीणों को अपने मवेशी तक बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा है। जो उनका आय का मुख्य साधन था। संवाद कार्यक्रम में अधिकांश जनप्रतिनिधियों ने आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए ग्रामीण मार्गों और मुख्य सड़कों की तुरंत मरम्मत कराने की पुरजोर मांग की। इसके अलावा ग्रामीणों ने राशन कार्ड, कृषि और उद्यान विभाग से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख डॉ हरीश सिंह बिष्ट ने कहा, “नियमित जनसंवाद के आयोजन से जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम होती है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
इस महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, ग्राम प्रधान लक्ष्मण गंगोला, बीडीओ हर्षित गर्ग, अमित नारायण, प्रदीप कुमार, पंकज कुमार, विपिन सिंह, बीडीसी मोहित कुमार, अंकित आर्य, अजय जंतवाल, धर्मेंद्र शर्मा, दुर्गा दत्त, गोविंद राणा, महेश भंडारी, प्रेम कुल्याल, नवीन कवीरा और कुंदन जीना सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।











