हादसा: दूध और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर नैनीताल की ओर आ रहा ट्रक 200 मीटर गहरी खाई में गिरा, चालक ने लगाई छलांग, घायल

नैनीताल:- सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नैनीताल शहर की ओर दूध और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर आ रहा ट्रक दो गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान चालक ने गजब की सूझबूझ दिखाई और ट्रक के खाई में गिरने से पहले ही छलांग लगा दी। इस दौरान वह घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उसे उपचार के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक सुयालबाड़ी-रामगढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार तड़के ट्रक संख्या यूके 04-ए 9728 से आनंदा दूध डेयरी का दूध और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर नैनीताल की ओर आ रहा था। दो गांव के समीप पहुंचते ही अचानक वाहन अनियंत्रित होकर देखते ही देखते ट्रक सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक को खाई में गिरता देख चालक ने बीच रास्ते में ही वाहन से छलांग लगा दी। हादसे में उन्हें चोटें आई हैं।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची, खाई में उतरकर किया रेस्क्यू
दुर्घटना की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी के कांस्टेबल मलकीत सिंह और अनूप सिंह समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए घायल चालक तक पहुंच बनाई और उसे खाई से बाहर निकाला। घायल चालक को 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि घायल चालक को उपचार के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।










