शिक्षा विभाग की बड़ी पहल: विद्यार्थियों को निशुल्क पुस्तकों के साथ उपलब्ध कराई जाएगी मुफ्त नोटबुक, जिले के 90 हजार छात्र-छात्राओं को मिलेगा सीधा लाभ


नैनीताल:- जनपद के सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ी पहल की है। अब विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की निशुल्क पुस्तकों के साथ-साथ मुफ्त नोटबुक भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस फैसले से जिले के करीब 90 हजार छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क नोटबुक वितरित की जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने लगभग चार लाख नोट बुकों का ऑर्डर जारी कर दिया है, जो 20 अप्रैल तक विभाग को प्राप्त हो जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जैसे ही नोटबुक विभाग को मिलेंगी, उन्हें तत्काल विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों में वितरित कर दिया जाएगा।
सीईओ ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो ।
इस पहल से अभिभावकों को राहत मिलेगी, क्योंकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में किताबों और कॉपियों पर होने वाला खर्च काफी हद तक कम हो जाएगा।








