दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय पर बड़ी ज्वाइनिंग, उत्तराखंड की राजनीति में छह नेता कांग्रेस में हुए शामिल, गणेश गोदियाल बोले-यह सिर्फ शुरुआत


देहरादून/नई दिल्ली:- उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को 6 प्रभावशाली नेताओं ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का दामन थाम लिया। यह ज्वाइनिंग दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में हुई, जहां प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व महापौर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और लाखन सिंह नेगी शामिल हैं। इन नेताओं के एक साथ पार्टी बदलने से राज्य की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि अब भाजपा के अपने नेता भी भविष्य को लेकर असमंजस में हैं और कांग्रेस की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं भाजपा की ओर से इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने बताया कि पार्टी के पास ऐसे नेताओं की लंबी सूची है जो कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। आने वाले दिनों में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह के घटनाक्रम राज्य की राजनीति को नई दिशा दे सकते हैं। फिलहाल इतना तय है कि उत्तराखंड में चुनावी माहौल धीरे-धीरे गरमाने लगा है और आने वाले समय में सियासी उठापटक और तेज हो सकती है।









